ऊना। लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल कोटला कलां का वार्षिक समारोह लता मंगेशकर कलां केंद्र समूरकलां में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत बाबा बालजी महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जबकि कांग्रेस नेता सतपाल रायजादा और हिमोत्कर्ष संस्था के प्रदेश महासचिव नरेश सैनी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
बच्चों ने रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पांचवीं के बच्चों ने पंजाब की मशहूर फनकार गुरदास मान के गाने छल्ला पर प्रस्तुति दी। आठवीं के बच्चों ने घूमर गाने पर नृत्य पेश किया। चौथी के बच्चों ने सुनो गौर से दुनिया वालों गीत पर प्रस्तुति दी। स्कूली बच्चों की दादा-दादी पर दी गई प्रस्तुति को भी खूब सराहा गया। छठीं एवं आठवीं कक्षा के लड़कों ने रंगला पंजाब पर भांगड़ा की प्रस्तुति दी। सातवीं कक्षा के लड़कों ने देश मेरा, नौवीं एवं दसवीं कक्षा के लड़कों ने तीन रंग नहीं लभने गाने पर भांगड़ा की प्रस्तुति दी। वहीं लड़कियों ने ऐ पंजाब करा की सिफ्त तेरी गाने पर गिद्दे की प्रस्तुति दी। नर्सरी के नन्हें बच्चों ने आज है संडे, एलकेजी के बच्चों ने छोटा बच्चा जान के ना टकराना रे गाने पर प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि बाबा बालजी महाराज ने बच्चों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। बाबा बालजी ने कहा कि बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल बच्चों को बेहतर शिक्षा दे रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने गुरुजनों एवं माता-पिता का हमेशा सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पहुंचे कांग्रेस नेता सतपाल रायजादा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्परत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल प्रधानाचार्य शिव कुमार सैनी ने स्कूल की वार्षिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्कूल में मौजूदा समय में 500 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे है। बच्चों को पढ़ाने के लिए उच्च शिक्षित 32 स्टाफ सदस्य तैनात हैं। बच्चों के लिए ट्रांसपोर्ट सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
ये बच्चे हुए सम्मानित
शैक्षणिक गतिविधियों में अव्वल रहे अंकित, अवंतिका, खुशी, सौरभ, पायल, अमनजोत, दिव्यांशु, शिव कुमार, रजनी बाला, कुसुम सैनी, आर्यन सैनी, नमिता, सिमरन, लक्षिता सैनी, काव्या शर्मा, कशिश सैनी, श्रुति शर्मा, पलक जसवाल, अदिति सैनी, अर्पित शर्मा, रावल सिंह, अनमोल सैनी, ईशान शर्मा, अंकिता शर्मा, प्राची, मुस्कान सैनी, रिया सैनी, महिमा शर्मा, इशा सैनी, अमर सिंह, तरुण पावला, परमजोत सिंह, हरमन अटवाल, नवजोत को सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल सहित अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कारों से नवाजा गया।