ऊना। जिले में आयुष विभाग की तरफ से बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन शुक्रवार से होगा। विभाग का यह अभियान 28 जून से शुरू होकर 11 सितंबर तक चलेगा। इन शिविरों में 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इस दौरान रक्तचाप और मधुमेह की निशुल्क जांच होगी। इसके लिए आयुष विभाग ने सभी चिकित्सकों को इन शिविरों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। इस कड़ी में 28 जून को आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र नंगड़ा, गोंदपुर बनेहड़ा, इसपुर, जलग्रां व सलोह में आयोजित होंगे। इसके अलावा तीन जुलाई को खुरवाईं व हटली में शिविर लगेंगे। विभाग की तरफ से आगामी शिविरों की जानकारी भी जल्द साझा कर दी जाएगी। जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा ने बताया कि इन शिविरों में भाग लेकर बुजुर्ग निशुल्क स्वास्थ्य जांच करवा सकते हैं। बुजुर्गों को निशुल्क दवाईयां जोकि केंद्रों में उपलब्ध हैं मुहैया करवाई जाएंगी।