संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के तहत कुंगड़त स्थित एक स्टोन क्रशर पर तीन नकाबपोश युवकों ने सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की है। मामले को लेकर एक सुरक्षा कर्मी ने पुलिस के पास शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के गढशंकर निवासी चरणजीत कुमार ने बताया कि पिछले काफी समय से कुंगड़त स्टोन क्रशर पर बतौर सुरक्षा कर्मी कार्य कर रहा हूं। मंगलवार रात्रि को अन्य सुरक्षा कर्मियों के साथ ड्यूटी पर था। इसी दौरान आधी रात को तीन नकाबपोश युवक आए और मारपीट शुरू कर दी। चरणजीत का आरोप है कि नकाबपोश युवकों ने न केवल मुझे, बल्कि ड्यूटी पर तैनात अन्य दोनों सुरक्षा कर्मियों के साथ भी मारपीट की। शिकायतकर्ता ने बताया कि युवकों के पास तेजधार हथियार भी थे। शोर मचाने पर सभी युवक मौके से फरार हो गए। मामले को लेकर चरणजीत ने हरोली पुलिस के पास शिकायत दी है। वहीं, डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।