संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड़ (ऊना)। पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत अमराली में वीरवार दोपहर को हुए बाइक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरेश कुमार पुत्र गुरमेल सिंह मूल निवासी चंदपुर रुड़की मूल निवासी बलाचौर, नवांशहर पंजाब के तौर पर हुई। बताया जा रहा कि नरेश हरोली क्षेत्र के बीटन में अपने ससुराल में रहता था। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नरेश कुमार वीरवार को किसी काम से टाहलीवाल गया था। दोपहर को घर लौटते समय हैपी ढाबा टाहलीवाल के पास उसकी बाइक के आगे कोई जानवर आ गया। जिससे वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बीच सड़क पर जा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संत बाबा डागू वाले अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।