अंब(ऊना)। उपमंडल अंब के तहत कलरूही में शनिवार को ट्रेन से टकराने के कारण 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष कुमार पुत्र राजिंद्र कुमार के रूप में हुई है। जो कलरूही का ही निवासी था। मनीष का घर कलरूही रेलवे पुल के पास ही स्थित है। जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुआ जब मनीष रेलवे ट्रैक से गुजर रहा था। दौलतपुर से चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन जो अपने निर्धारित समय सुबह साढ़े छह बजे से देरी से चल रही थी, वहां से गुजरी और मनीष उसकी चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद रेलवे कर्मचारियों ने उसे गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष शादीशुदा था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं। रेलवे पुलिस के सब इंस्पेक्टर सुरिंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।