संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भाजपा में प्रवेश करने के बाद प्रदेश भाजपा एससी मोर्चा के सचिव बने मलकीयत सिंह निवासी छपरोह ने सोमवार को माता चिंतपूर्णी मंदिर में कार्यकर्ताओं सहित शीश नवाया। इस अवसर पर माधो टीला स्थित स्वीट शॉप से मंदिर तक एक रैली के रूप में रोड शो निकाला गया। इसमें विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चिंतपूर्णी की प्रधान शशि कालिया, उप प्रधान संजय कालिया, पूर्व प्रधान नारी चिंतपूर्णी विजय सिंह, प्रधान ज्वाल जोगिंदर सिंह, बीडीसी सदस्य ज्योति, यशपाल, पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सुनीष डढवाल, वेद प्रकाश, सतीश कालिया, पूर्व प्रधान तिलक राज कालिया, रवींद्र शिंदा, भूषण कालिया, सुरजीत सिंह, परवीन, नीरज शर्मा, गगन, डिंपल सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। इस अवसर पर मंडल भाजपा नेतृत्व नदारद रहा। गौरतलब है कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है और मलकीयत सिंह भी टिकट के संभावित दावेदारों में से एक हैं। माता चिंतपूर्णी मंदिर जाते समय कार्यकर्ताओं और युवाओं ने माता चिंतपूर्णी जी की जय और हमारा नेता कैसा हो, मलकीयत सिंह जैसा हो.. के नारे लगाकर माहौल को राजनीतिक रंग दे दिया। वर्तमान में इस सीट से पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, सुमेश बिट्टू और रामपाल पहले से ही टिकट की दौड़ में हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में चिंतपूर्णी क्षेत्र का राजनीतिक तापमान और भी बढ़ सकता है।