बहादुरी और शौर्यपूर्ण कार्यों के लिए हुआ चयन, परिवार में खुशी का माहौल
मणिपुर में हुए एक अभियान में दुश्मन का डटकर किया सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। अंब के दामाद और जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ स्थित गांव मरहीन के निवासी मेजर अनुज महाजन को उनकी बहादुरी और शौर्यपूर्ण कार्यों के लिए सेना मेडल (गैलेंट्री) से सम्मानित करने के लिए चयनित किया है। वर्तमान में मेजर अनुज असम राइफल्स में सेवाएं दे रहे हैं और पिछले सात वर्षों से लगातार देश की सेवा में तैनात हैं। अगस्त 2025 में मणिपुर में हुए एक अभियान के दौरान उन्होंने दुश्मनों का डटकर सामना करते हुए ऑपरेशन का नेतृत्व किया। उनके इस अदम्य साहस और वीरता को देखते हुए राष्ट्रपति की ओर से उन्हें सर्वोच्च सैन्य सम्मान के लिए चयनित किया गया है। मेजर अनुज महाजन के पिता सूरज प्रकाश और माता सुमन लता ने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए सम्मान की बात है। अंब निवासी ससुर धीरज महाजन ने भी गर्व जताते हुए कहा कि मणिपुर की कठिन परिस्थितियों में अनुज ने जिस साहस और नेतृत्व का परिचय दिया है, वह डोगरा परंपरा की असली पहचान है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है कि यदि दिल में देश के प्रति समर्पण हो तो कोई भी बाधा रोक नहीं सकती। सास पिंकी महाजन ने भावुक होकर कहा कि अनुज उनके लिए बेटे के समान हैं और उनके इस सम्मान से अंब व परिवार दोनों का नाम रोशन हुआ है। पत्नी शिल्पा महाजन ने कहा कि अनुज हमेशा देश सेवा को सर्वोपरि मानते हैं। यह सम्मान उनके परिश्रम और साहस की पहचान है, जिस पर परिवार को गर्व है। वहीं, छोटे पुत्र वियान महाजन ने भी मासूम अंदाज में पापा की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। मेजर अनुज महाजन का यह चयन न केवल डोगरा समाज बल्कि हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।