ऊना। डाक विभाग के ऊना में स्थित डाक छंटाई कार्यालय को विभाग की तरफ से बंद कर दिया गया है। इस पर विभाग के कर्मचारियों ने सांसद अनुराग ठाकुर व अन्य नेताओं से इस कार्यालय को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार डाक विभाग की तरफ से ऊना में छंटाई कार्यालय बीते 60 वर्षों से संचालित था। इसे बीते 9 दिसंबर को बंद करने के आदेश जारी हुए। इसके अलावा कार्यालय में कार्यरत 11 कर्मचारियों को भी विभिन्न जगहों के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है। वर्तमान में ऊना जिला की डाक को अंबाला भेजा जा रहा है। ऐसे में ऊना से ही बुक हुआ पंजीकृत पत्र ऊना में चौथे दिन वितरित हो रहा है। डाक विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता एचएस गुलेरिया ने बताया कि इस समस्या को लेकर सांसद अनुराग ठाकुर से भी मुलाकात की थी। उन्होंने इस समस्या को जल्द सुलझाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कार्यालय को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई है।संवाद