डूमखर चौली में पागल कुत्ते की ओर से काटा गया पीड़ित शरीर पर घाव दिखाते हुए। संवाद
उपमंडल बंगाणा के चिल्ली डूमखर गांव में एक पागल कुत्ते ने दो बच्चों समेत छह लोगों को काट दिया। घायलों को स्थानीय सिविल अस्पताल बंगाणा में रैबीज के टीके लगाए गए। पागल कुत्ते ने गांव के पांच कुत्तों को भी काट दिया। इससे ग्रामीण आक्रोषित हो गए और पागल कुत्ते को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। जानकारी के मुताबिक मुच्छाली पंचायत के गांव चिल्ली डूमखर गांव में प्रवासी लोग टैंट आदि लगाकर रहते हैं। सोमवार सुबह एक पागल कुत्ते ने गांव के लोगों व बच्चों पर हमला बोल दिया। पागल कुत्ते ने गांव के दो बच्चों सहित 6 लोगों को घायल कर दिया। समीपवर्ती गांव के पांच कुत्तों को भी काट लिया। इससे आक्रोषित लोगों की भीड़ ने पागल कुत्ते को लाठी डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। हैरानी की बात है कि पागल कुत्तों के आतंक से निपटने के लिए प्रशासन ने पशुपालन विभाग को कुत्तों के आतंक से निपटने की जिम्मेदारी दी है। विभाग द्वारा कई आवारा कुत्तों का टीकाकरण भी किया गया है, लेकिन फिर भी जिले में आवारा कुत्तों का आतंक कम होता नहीं दिख रहा है। इस संबंध में सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक महेंद्र कौशल ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल लोगों को रैबीज के टीके लगाए जा रहे हैं। संवाद