ग्रामीणों ने की स्थायी समाधान की मांग
पंखे-कूलर ठप, समय पर समाधान न होने पर जन आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसाल सब-डिवीजन के तहत आने वाले गांव टक्का में कम वोल्टेज की गंभीर समस्या से ग्रामीणों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या पिछले कई दिनों से लगातार बनी हुई है, जिससे रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक असर गांव में पानी की आपूर्ति पर पड़ा है। रविवार शाम को लगभग चार घंटे तक बिजली पूरी तरह गुल रही, वहीं सोमवार को पूरा दिन बिजली नहीं रही। इससे पीने और पशुओं के लिए पानी की भारी किल्लत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि जहां वोल्टेज 230 से 240 होनी चाहिए, वहां यह सिर्फ 120 से 190 वोल्ट के बीच ही बनी रहती है। तेज गर्मी के कारण समस्या और गंभीर हो गई है। गांव में पंखे, कूलर और ट्यूबवेल की मोटर तक सही ढंग से काम नहीं कर पा रही हैं। दिन में दो से तीन बार बिजली का कट लगना आम बात हो गई है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नरोत्तम, महेश, पवन, नवीन, वंश, रवि कुमार, विनय, हर्ष बस्सी, मनोज, राम स्वरूप और राजेश्वर सहित अन्य ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि गांव टक्का में जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए और वोल्टेज की समस्या को दूर किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर समाधान नहीं हुआ, तो वे जन आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता शुभम ने कहा कि समस्या विभाग के संज्ञान में आ चुकी है और जल्द समाधान किया जाएगा।