शनिवार शाम को ऊना शहर में धर्मशाला चंडीगढ़ मार्ग पर लगा जाम। स्रोत संवाद
जाम खुलवाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर में शनिवार शाम को चंडीगढ़-धर्मशाला राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान वाहनों की संख्या एकाएक बढ़ने से ट्रैफिक पुलिस को भी जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शहर में जाम लगने का सिलसिला शनिवार शाम पांच बजे से ही शुरू हो गया। इसके बाद करीब दो घंटे तक रुक-रुककर जाम लगता रहा। आलम यह रहा कि जाम के चलते वाहनों की कतारें आईएसबीटी के लेकर रोटरी चौक और शहीद भगत सिंह चौक तक लग गईं। रविवार के अवकाश के चलते शनिवार को बाहरी क्षेत्रों व राज्यों से लोग अपने घर जाने का रुख करते हैं। ऐसे में शनिवार शाम को एनएच पर वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई। ऐसे में चंडीगढ़ और अंब की तरफ से जाने वाले वाहनों को जाम में फंसने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शाम के समय शहर में जाम लगा। पुलिस अधिकारी जाम को खुलवाने के लिए मौके पर डटे रहे। संवाद