नैहरियां आईटीआई का भ्रमण करते लोहारा स्कूल के विद्यार्थी।स्रोत संस्थान
अंब (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारा के विद्यार्थियों ने वीरवार को नैहरियां स्थित सरकारी आईटीआई में एक दिवसीय भ्रमण किया। उन्होंने आईटीआई की कार्यप्रणाली और वर्तमान में यहां चल रहे व्यवसायों के बारे में विस्तार से जाना। आईटीआई के प्रधानाचार्य इंजीनियर प्रवेश शर्मा ने बताया कि यह आईटीआई सन 2007 में शुरू हुई थी। वर्तमान में इसमें फिटर, एसओटी और ड्रेस मेकिंग व्यवसायों में 88 प्रशिक्षु प्रशिक्षण ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि जब आप घर जाएं तो आईटीआई और वहां चल रहे विभिन्न कोर्स के बारे में परिजनों और दोस्तों को जरूर बताएं। आईटीआई के अनुदेशकों सुनील कुमार, विवेक कुमार और आशा रानी ने भ्रमण पर पहुंचे विद्यार्थियों को विभिन्न कार्यशालाओं में ले जाकर वहां स्थापित मशीनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई। स्थानीय संस्थान के समूह अनुदेशक राकेश कुमार, गणित अनुदेशक सुनील दत्त, कार्यालय प्रभारी निर्मल कुमार और अध्यापक रजनीश कुमार, सुमन, सुरेखा और सुमना देवी भी उपस्थित रहे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां के समूह अनुदेशक राकेश कुमार ने बताया कि इस तरह की एक्सपोजर विजिट से बच्चों को आईटीआई की कार्यप्रणाली के बारे में पता चलता है। इस अवसर पर भ्रमण पर आए छात्र अभिमन्यु ने विद्यालय के इस प्रयास को सराहा और विजिट में प्राप्त जानकारियों को भविष्य के लिए बहुपयोगी बताया। अंत में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया