हरोली (ऊना)। क्षेत्र के पंडोगा गांव में रविवार को चार दिवसीय लायंस कप फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। चौथे दिन के खेल में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले हुए। इसमें फाइनल मुकाबला लायंस क्लब और एसबीएस क्लब पंडोगा के बीच हुआ। रोमांचक भरे इस मैच में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खेल के पहले हाफ में जहां लायंस क्लब पंडोगा ने एक गोल दागकर बढ़त बना ली तो वहीं एसबीएस के खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में बढ़त बनाते हुए एक गोल दाग दिए। इससे मैच बराबरी पर आ गया। इसके बाद मैच खत्म होने तक कोई भी टीम दूसरा गोल नहीं कर पाई। मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए हुआ। इसमें लायंस क्लब के खिलाड़ियों ने 5-3 के अंतर से जीत हासिल की। इससे पहले मुकाबलों में वाईएफसी क्लब खड्ड और लायंस क्लब में सेमीफाइनल हुआ। इसमें लाइंस क्लब विजेता रहा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल एसपीएस क्लब और सलोह के बीच हुआ। इसमें एसपीएस क्लब विजेता रहा। इस मौके पर आयोजक कमेटी के प्रबंधक रामपाल चौधरी, हरोली ब्लॉक कृषि के चेयरमैन अमित ठाकुर, सुशील कुमार, रामपाल पाली सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।