ऊना। जिले के कई क्षेत्रों में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम सुहावना रहा लेकिन दोपहर होते-होते आसमान साफ हो गया और तेज धूप खिल गई। बारिश के कारण मौसम में नमी बढ़ने से दोपहर बाद उमस अधिक महसूस हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह के समय हल्की बारिश हुई जबकि बाद में मौसम साफ हो गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान अधिक रहने के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। पिछले कुछ दिनों से जिले में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी धूप तो कभी बारिश का दौर जारी रहने से तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।