ऊना। जिले में बुधवार सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई, जिससे तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच सुबह की बूंदाबांदी ने मौसम में थोड़ी ठंडक जरूर घोली लेकिन दोपहर के बाद धूप के चलते गर्मी भी बढ़ गई। मौसम के इस उतार-चढ़ाव से लोगों को असहजता का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। बता दें कि बीते दो दिनों से मौसम में हुए बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिन पूर्व जहां जिले के तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था वह अब घटकर 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास पहुंच गया है।