नगर निगम बनने का सपना देख रहा ऊना शहर हर वार्ड तक सीवरेज लाइन पहुंचाने में नाकाम साबित हुआ है। शहर में सीवरेज सुविधा को शुरू हुए नौ वर्ष से अधिक का समय हो चुका है। ऐसे में शहर के बीचोंबीच स्थित डीसी कॉलोनी भी पूरी तरह से सीवरेज लाइन से नहीं जुड़ पाई है। ऐसे में शहर के अन्य वार्डों में सीवरेज सुविधा का क्या हाल होगा, इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
नगर परिषद सीवरेज कनेक्शन लेने के लिए लोगों को नोटिस जारी करने तक ही सीमित है। वर्तमान में केवल 1700 घर ही सीवरेज कनेक्शन से जुड़ पाए हैं। शहर में हर वार्ड तक सीवरेज लाइन पहुंचाने को लेकर संबंधित विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है। उपायुक्त आवास व अन्य अधिकारियों के आवास डीसी कॉलोनी में स्थित हैं। यह कॉलोनी भी 50 प्रतिशत ही सीवरेज लाइन से जुड़ पाई है। इस सुविधा को हर वार्ड तक पहुंचाने के लिए बीते नौ सालों में बैठकों में तो इस समस्या पर कई बार चर्चा हो चुकी है। विभागों को इस मामले पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके बावजूद अभी तक भी संबंधित विभाग लाइन बिछाने के लिए भूमि न मिलना व अन्य समस्याओं को बताकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। ऐसे में हर वार्ड तक सीवरेज लाइन पहुंचाने के लिए मेन लाइन से ब्रांच लाइन की सुविधा भी कई वार्डों में नहीं है। ऐसे में लोग भी सीवरेज कनेक्शन लेने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
हालांकि विभाग के समक्ष कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने को लेकर जमीन विवाद जैसे गतिरोध सामने आए हैं। इस कारण सीवरेज पाइपलाइन ही बिछ नहीं पा रही। ऐसे में इन समस्याओं का हल निकालने व हर घर तक सीवरेज लाइन पहुंचाने में विभाग बीते नौ वर्षों में कोई हल नहीं निकाल पाया है। शहर में करीब सात हजार परिवार रहते हैं।
इन वार्डों में कार्य अधूरा
शहर में मसीत वाली गली, वार्ड छह, सात व आठ, डीसी कालोनी, गलुआ मोहल्ल, इंदिरा मैदान के आसपास का क्षेत्र में जल शक्ति विभाग सीवरेज की लाइन को नहीं पहुंचा पाया है। बता दें कि शहर के हर वार्ड तक सीवरेज लाइन पहुंचाने के नियम हैं, लेकिन शहर में कई वार्ड आज भी सीवरेज लाइन से अछूते हैं। शहर को सुचारू सीवरेज व्यवस्था के लिए दो एसटीपी टैंक बनाए गए हैं। रामपुर में 2.53 एमएलडी व चंद्रलोक कॉलोनी में 0.65 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट है।
सीवरेज लाइन न होने के कारण नहीं लेते कनेक्शन
नगर परिषद सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों को समय समय पर नोटिस जारी करते हैं। ऐसे में लोगों की तरफ से तर्क दिया जाता है कि जब वार्ड के समीप सीवरेज लाइन ही नहीं है तो कनेक्शन कैसे लें। ऐसी सूरत में नगर परिषद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर पाता है।
पुष्पा देवी, अध्यक्ष नगर परिषद, ऊना
जल शक्ति विभाग हर घर को सीवरेज लाइन से जोडऩे के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। शहर में कई स्थान ऐसे हैं, जहां लोग लाइन बिछाने के लिए भूमि नहीं देते हैं। ऐसे में लाइन बिछाने में दिक्कत हो रही है।
होशियार सिंह, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग, ऊना