अंब(ऊना)। लडोली पंचायत के गांव थड़ा में सोमवार को विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने 90 हजार लीटर क्षमता वाले ओवरहेड पेयजल टैंक की आधारशिला रखी। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस टैंक से क्षेत्र की भंडारण क्षमता में वृद्धि होगी और लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इस परियोजना का काम पूरा होने से भवरन, थड़ा, लडोली और नैहरियां पंचायत के हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल तात्कालिक समाधान के बजाय दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। क्षेत्र की पांच पंचायतों के लिए 12 करोड़ रुपये की लागत से विशेष सिंचाई योजना शुरू की जा रही है, जिससे मैड़ी, कुठेड़ा, पंजोआ, लडोली, सपौरी, राजपुर, नंदपुर और टकारला के किसानों को लाभ मिलेगा। कहा कि सिंचाई व्यवस्था में सुधार के लिए 40 करोड़ रुपये की अन्य योजनाएं भी मंजूरी के लिए भेजी गई हैं। सरकार का लक्ष्य आगामी 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास कार्य करना है ताकि किसी भी गांव में पानी की कमी न रहे।