पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने शाल और टोपी पहनाकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बरनोह गांव की बेटी मुस्कान ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए समूचे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। मुस्कान ठाकुर पुत्री दिनेश ठाकुर ने हाल ही में राजस्थान के उदयपुर में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर कजाक कुराश कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने मुस्कान ठाकुर को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रोत्साहन स्वरूप नकद राशि भी प्रदान की। भुट्टो ने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और निरंतर ऊंचाइयां छू रही हैं। भुट्टो ने कहा कि मुस्कान ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि मन में लग्न और आत्मविश्वास हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं। आज हमारी बेटियां खेल, शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और हर क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर रही हैं। मुस्कान की मेहनत, समर्पण और अनुशासन सभी बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विजेता मुस्कान ठाकुर ने कहा कि उनकी इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता, कोच और गुरुजनों का आशीर्वाद है। वह आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं।