बंगाणा(ऊना)। आरएसएस प्रमुख एवं राम सिंह मेमोरियल के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने शनिवार को बतौर मुख्यातिथि बंगाणा में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में 20 टीमों में प्रदेश के 356 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना पर्याप्त नहीं है बल्कि युवाओं को खेल, सामाजिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना भी जरूरी है। जब युवा मैदान में अपना समय बिताएंगे और खेलों में लक्ष्य निर्धारित करेंगे तो उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों को भी बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए। अशोक शर्मा ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता के प्रथम दिन पुरुष वर्ग में हमीरपुर और कुल्लू टीम के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें कुल्लू की टीम विजेता रही। वहीं महिला वर्ग का मुकाबला ऊना और सिरमौर टीम के बीच हुआ, इसमें सिरमौर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी संजीव सोनी ने की। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने ऐसे आयोजनों को ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम बताया।