नंगल (ऊना)। हिमाचल के एंट्री टैक्स के विरोध में पंजाब-हिमाचल की सीमा पर कीरतपुर-मनाली मार्ग पर लगाए जाने वाले खालसा एंट्री टैक्स को लेकर शनिवार को निहंगों ने डीएसपी नवीनपाल व तहसीलदार संदीप कुमार के साथ एक बैठक की। इसमें निहंगों के संगठन ने 11 सूत्री मांग पत्र भी तहसीलदार संदीप कुमार को सौंपा। इसके उपरांत निहंगों ने फिलहाल खालसा एंट्री टैक्स को स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय प्रशासन द्वारा निहंगों को जल्द ही शिक्षा मंत्री एडवोकेट हरजोत सिंह बैंस से मुलाकात करवाने और इस मामले का स्थायी हल करवाने के आश्वासन के बाद लिया गया। यह जानकारी बैठक के उपरांत प्रेस वार्ता कर शिरोमणि जरनैल बाबा जुझार सिंह निहंग संगठन आंनदपुर साहिब के जत्थेदार बाबा अच्छर सिंह ने दी। बता दें बाबा अच्छर सिंह ने 20 जून से पंजाब हिमाचल की सीमा पर कीरतपुर-मनाली मार्ग पर खालसा एंट्री टैक्स लगाने की घोषणा की थी। इस मौके पर तहसीलदार संदीप कुमार ने कहा कि जल्द ही बाबा अच्छर सिंह द्वारा दिया मांग पत्र शिक्षा मंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा।