घनारी (ऊना)। तहसील घनारी में बुधवार को उस समय शिवमय वातावरण देखने को मिला, जब हरिद्वार से 21 लीटर गंगाजल कांवड़ में भरकर कंधों पर उठाए तीन कांवड़िए पहुंचे। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया तथा सामर्थ्य के अनुसार जलपान, विश्राम और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं। कांवड़ियों के बम बम भाले, बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। विशेष बात यह रही कि तीन कांवड़ियों में दो युवा शामिल थे और दोनों ने अपना नाम रोहित बताया। उनके साथ एक वरिष्ठ श्रद्धालु भूषण भी इस कठिन धार्मिक यात्रा का हिस्सा बने हुए हैं। रोहित ने बताया कि यह उनकी पहली कांवड़ यात्रा है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को हरिद्वार से गंगाजल कांवड़ में भरकर नूरपुर के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी। वे नूरपुर, कांगड़ा स्थित त्रिलोकनाथ शिव मंदिर में वैदेही और मेहाका के साथ शिवलिंग का पवित्र गंगाजल से अभिषेक करेंगे। वहीं, एक अन्य युवा कांवड़िया नूरपुर सुलेमानी डिप्पी महादेव मंदिर में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेगा। थोड़ी देर विश्राम के बाद कांवड़िए अपनी यात्रा पर आगे बढ़ गए।