दौलतपुर चौक (ऊना)। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के माहौल में भद्रकाली के बाणदू मंदिर में दुर्गा माता की प्रतिमा स्थापना के पावन अवसर पर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस पवित्र यात्रा में 51 श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया। इनके सिर पर सजे जल से भरे कलश आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक बन गए। विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण और मंगल ध्वनियों के बीच वातावरण भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा के दौरान गंगाजल, अन्न एवं पंचगव्य से देवी प्रतिमा का अभिषेक किया गया। इस दिव्य अनुष्ठान में भक्तों ने पूरी श्रद्धा से भाग लिया। इस अवसर पर बलजीत सिंह, मोहिंद्र सिंह, राजीव सिंह, पवन कुमार, सिकंदर, आशीष कुमार, जस्सी, सुषमा देवी, मीना देवी, ओम प्रभा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर कमेटी के प्रधान जगजीत सिंह ने बताया कि कलश यात्रा के उपरांत 6 मार्च वीरवार माता दुर्गा की मूर्ति स्थापना व विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।