ऊना। जिला मुख्यालय ऊना की सड़कों पर इन दिनों बिना नंबर प्लेट वाले जुगाड़ से तैयार किए गए तीनपहिया वाहन दौड़ रहे हैं। वीरवार को ऐसा ही एक वाहन व्यस्त सड़क पर लोगों को बैठाकर चलता नजर आया। ऐसे वाहनों के न तो पंजीकरण के स्पष्ट प्रमाण दिखाई देते हैं और न ही आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन होता दिखता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वाहन चालक बेखौफ होकर शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है बल्कि किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका भी बनी रहती है। सड़क सुरक्षा को लेकर राज्य स्तर पर लगातार जोर दिया जा रहा है, फिर भी नियमों की अनदेखी चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि बिना वैध पंजीकरण और सुरक्षा मानकों के चल रहे ऐसे वाहनों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। पुलिस नियमित तौर पर चालान काट रही है।