अंब (ऊना)। क्षेत्र के कटौहड़ कलां में एक घर से लाखों के आभूषण व 20 हजार नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में डर का माहौल बन गया है। शिकायतकर्ता अंजू शर्मा पत्नी कृष्ण कुमार निवासी कटौहड़ कलां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह कटोहड़ कलां में दुकान करती हैं। बीती 18 जुलाई दोपहर को वह दिन मंदिर में भजन कीर्तन में गई थी। जहां से वह घर में थोड़ा देरी से पहुंची। ज़ब वह घर पहुंची तो कमरे में अलमारी खुली पाई गई। जांच करने पर उसमें देखा कि अलमारी में रखे चार अंगूठी, दो झुमके, एक मंगल सूत्र, एक किट्टी सेट, और बीस हजार रुपए नकद गायब था। इस दौरान बताया जा रहा है कि चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ अलमारी की चाबियों को ढूंढ़ लिया था। जिसके बाद चोरी को अंजाम दिया। इस मामले पर पुलिस ने आस पास के क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है। इस मामले पर पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।