जोह बह में चोरी के बाद घर में बिखरा पडा़ सामान।संवाद
पत्नी के इलाज के लिए चंडीगढ़ गए हुए थे दविंदर
लौटेने पर घर का सामान बिखरा और अलमारियों व दरवाज़ों के ताले टूटे मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोह बह गांव में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। 20 से 27 जुलाई के बीच अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घर के मालिक सेना से सेवानिवृत्त दविंदर पाल सिंह अपनी पत्नी के इलाज के लिए चंडीगढ़ गए हुए थे। जब वे 28 जुलाई को लौटे, तो उन्होंने पाया कि घर का सामान बिखरा हुआ है और अलमारियों व दरवाज़ों के ताले टूटे हुए हैं। चोरी किए गए सामान में सोने के दो कड़े, दो अंगूठियां, एक चेन, नथ सहित अन्य आभूषण, करीब 25,000 नकद, बर्तन, कपड़े और किराने का सामान शामिल हैं। चोर घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे और तसल्ली से वारदात को अंजाम दिया। दविंदर पाल ने दौलतपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र में डर का माहौल पैदा कर रही हैं और यह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने कहा कि घटना की जांच जारी है। 20 से 27 जुलाई तक की गतिविधियों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।