दो माह के भीतर होगा नए प्रदेश अध्यक्ष पर निर्णय : दत्ता
शिवसेना के प्रांतीय अध्यक्ष शिवदत्त वशिष्ठ को दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। शिवसेना के दिवंगत प्रांतीय अध्यक्ष शिवदत्त वशिष्ठ को रविवार को उनके मैहतपुर स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर कई प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे और श्रद्धासुमन अर्पित किए। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश प्रवक्ता जया दत्ता अगले दो माह तक कार्यकारी अध्यक्ष रहेंगे। इस अवधि में साधारण सभा बुलाकर नए अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि शिवदत्त वशिष्ठ का निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश अटवाल ने कहा कि वे सबके मार्गदर्शक रहे। सचिव भाग सिंह ठाकुर ने उन्हें ऊर्जा का स्रोत बताया, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सोंधी ने उन्हें संगठन और समाज का प्रेरणापुंज कहा। सेवानिवृत ईटीओ सुखदेव शर्मा ने उन्हें नेकदिल और संस्कृति प्रेमी व्यक्ति बताया। सह सचिव राजीव मेनन ने उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। जया दत्ता को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत करने का प्रस्ताव राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।