ऊना। जिला श्रम एवं रोजगार विभाग ऊना की ओर से वीरवार को दो स्थानों पर विभिन्न नामी कंपनियों में रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया। यहां उपरोजगार कार्यालय बंगाणा में वोल्टस एनर्जी इनकॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड सिंगा की ओर से पुरुष वर्ग में 25 पदों के लिए साक्षात्कार लिया गया।
दूसरी ओर विभाग के मुख्य कार्यालय ऊना के मैजिक ब्लैड्स प्राइवेट लिमिटेड बाथू बाथड़ी की ओर से अधिसूचित 36 पदों पर साक्षात्कार लिया गया। ऊना में आयोजित साक्षात्कार में विभिन्न स्थानों से पहुंचे 46 युवाओं ने भाग लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रार्थियों का इंटरव्यू में हुनर परखने के बाद 17 अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए सूचीबद्ध किया गया है, जबकि उपरोजगार कार्यालय बंगाणा में हुए साक्षात्कार में लगभग 10 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से पांच को नौकरी के लिए चयनित किया गया है। इस दौरान ऊना में हुए साक्षात्कार में पहुंचे अभ्यर्थियों को जिला श्रम एवं रोजगार कार्यालय ऊना की काउंसलर कृति भारद्वाज ने इंटरव्यू से पहले प्रोत्साहित किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में भाग लेने के दौरान आत्मविश्वास और अपने रिज्यूम को प्रभावी ढंग से बनाने के बारे में भी बताया। जिला श्रम एवं रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने कहा कि समय-समय पर विभिन्न कंपनियां में अधिसूचित पदों के लिए पात्रों को नौकरी का अवसर मिल रहा है। इसमें विभाग की ओर से लगातार प्रकिया को निभाया जा रहा है। संवाद