पुराने घरों को तोड़कर खड्ड़ों व नालों में मलबा फेंकने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
सहकारी सभाओं में खाद के साथ बीज मुहैया करवाने की उठी आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक वीरवार को जिला परिषद के सभागार में जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर भी उपस्थित रहे। बैठक में 1 जुलाई से 31 अक्तूबर तक किए गए कार्यों के आय व्यय का अनुमोदन, 15वें वित्तायोग के तहत वर्ष 2024-25 की कार्ययोजना और मनरेगा की अनुपूरक कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। बैठक में जिप सदस्य गगरेट सुशील कालिया ने लोगों की ओर से पुराने घरों को तोड़कर निकलने वाले अपशिष्ट कंक्रीट को खड्डों व नालों में फेंके जाने पर नदी-नालों के वहाब में आने वाली रुकावट का मुद्दा उठाया। इस पर कार्यकारी अधिकारी ने प्रशासन के पास लिखित में शिकायत सौंपने के निर्देश दिए ताकि ऐसे करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। सदस्य सुशील कालिया ने गांवों में सहकारी सभाओं में खाद के साथ-साथ बीज की भी आपूर्ति करने की मांग उठाई गई। एडीसी ने मुबारिकपुर से कलरूही तक शेष बचे एक किलोमीटर के रास्ते पर माता श्री चिंतपूर्णी ट्रस्ट के माध्यम से सोलर लाइट स्थापित करने के निर्देश दिए। जिप सदस्य कमल सैणी ने हरोली में पंजाब के लोगों को नशा मुक्ति केंद्र खोलने की स्वीकृति न देने तथा संचालित किए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित तौर पर जांच करने की मांग की। जिस पर एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जिला में संचालित किए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों का हर छह माह में निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा द्वारा बंगाणा में अग्निशमन केंद्र में एक छोटा वाहन उपलब्ध करवाने, थानाकलां पटवार सर्कल को राजस्व तहसील बंगाणा के अधीन करने और थानाकलां में भूमि के मूल्यांकन को कम करने के साथ-साथ डीहर चौक व खड़ोह में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित बनाने की मांग की।