ऊना। सहकारी सभाएं पोलियां का इंस्पेक्टर उमेश कुमार शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय से सचिव नदारद पाया गया है। उन्होंने सहकारी सभाएं पोलियां के सभा सदस्यों को वस्तु स्थिति के बारे में अवगत करवाया और पांच दिनों के भीतर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि पहले भी सभाएं का दौरा किया गया था और निरीक्षण के दौरान जो खामियां पाए गई थीं, उनको दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते मंगलवार को फिर से दौरा किया गया। दौरे की सूचना के बारे में पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सचिव कार्यालय में नहीं है। इसके चलते इंस्पेक्टर ने सभा के सदस्यों से सचिव को पेश करने सहित पांच दिनों के भीतर कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यह विभाग की नियमित प्रक्रिया है और उनके अधीन हरोली के अलावा गगरेट का भी अतिरिक्त कार्यभार है। उन्होंने कहा कि दौरे का मसौदा तैयार करके आगामी कार्रवाई के लिए विभाग के आला अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है। जैसे ही निर्देश आएंगे, आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बहरहाल वर्तमान में निरीक्षण के दौरान सभाएं के सचिव कार्यालय से नदारद पाए जाने की सूरत में तरह-तरह के सवाल भी उठना शुरू हो गए हैं, तो दूसरी ओर सभा के पदाधिकारी के द्वारा भी वस्तु स्थिति स्पष्ट न किए जाने की सूरत में अधिकारी बैरंग ही कार्यालय से लौट रहे हैं।