संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा संबद्धता निरीक्षण टीम पहुंची। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण टीम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के सह प्राध्यापक अरुण गुलेरिया, वाणिज्य विभाग से विजय कुमार, बीसीए, पीजीडीसीए विभाग से सुनील मनकोटिया, रसायन विज्ञान विभाग से सुनील कुमार और दौलतपुर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह आए। उन्होंने महाविद्यालय के समस्त प्रांगण का दौरा किया। निरीक्षण टीम ने महाविद्यालय में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और कक्षाओं सहित भवनों का निरीक्षण करते हुए समस्त औपचारिकताओं का निर्वहन किया। प्राचार्य दर्शन कुमार ने कहा कि यदि राजकीय महाविद्यालय अंब को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्थायी संबद्धता प्राप्त हो जाती है, तो इससे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग नई दिल्ली तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की ओर से महाविद्यालय को मिलने वाले अनुदान में बढ़ोतरी होगी। टीम ने कॉलेज की सभी लैब का भी निरीक्षण किया और पाया कि सभी की व्यवस्था पूर्ण और सफल है। विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय प्रशासन की हर चीज उपयोगी और लाभप्रद है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार को बधाई दी व समस्त स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।