ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत बहडाला गांव में बीते सोमवार को सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूनम देवी ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह वह अपने ताया महिंद्र पास के साथ उनकी बाइक पर ऊना कॉलेज जा रही थी। इस दौरान उनके आगे चल रहे कार चालक ने बहडाला चौक पर अचानक यू टर्न ले लिया, जिससे उनकी बाइक कार से टकरा गई। हादसे में उसके ताया को गंभीर चोटें आई, जबकि वह बाल बाल बच गई। इसके बाद कार चालक ने उसके ताया को ऊना अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर के प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।