संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक दौलतपुर चौक शाखा की ओर से बुधवार को गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गांव मरवाड़ी में ग्राहक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की जानकारी देना था। शिविर की अध्यक्षता समर विजय सिंह ने की, जबकि शाखा प्रबंधक सह-प्रबंधक शिखा डोगरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों ने ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना, बचत की आदत को बढ़ावा देना और किसानों व ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं से जुड़ने का आह्वान भी किया। ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताया और बैंक द्वारा दी गई जानकारी की सराहना की।