थानाकलां (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बौल में ई-कचरे के दुष्प्रभावों और उसके सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूक करने के लिए सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान टीजीटी मेडिकल सोनिया शर्मा ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पुराने मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बैटरी, चार्जर और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से उत्पन्न ई-कचरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ई-कचरे का अनुचित निपटान पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए इसे सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय निर्धारित केंद्रों पर जमा करवाकर उचित निपटान और पुनर्चक्रण करवाना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और परिवार व समाज के लोगों को भी ई-कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।