संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ऊना के अध्यक्ष शशि पाल सैनी और महासचिव संजीव कुमार ने प्रेस बयान में जिला ऊना के प्रवक्ता संघ के चुनाव में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए सभी प्रवक्ता साथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने अपने सभी प्रवक्ता साथियों से 25 जून को सुंदरनगर में होने जा रहे राज्यस्तरीय चुनाव में भाग लेने का आह्वान किया। कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड जिस तरह से पुन: मूल्यांकन की फीस में बढ़ोतरी कर रहा है, वह सही कार्य नहीं है। एक तरफ तो सरकार विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाकर सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सहायता करती है। दूसरी तरफ स्कूल शिक्षा बोर्ड मनमानी तरीके से पुन: मूल्यांकन की फीस में भारी वृद्धि करके विद्यार्थियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। प्रवक्ता संघ ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया है। कहा कि बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा के अंग्रेजी के पेपर में की गई लापरवाही दुखद है। प्रवक्ता संघ मांग करता है कि दोषियों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।