बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र में नशे की हालत में हुड़दंग मचाने वालों का कहर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हुड़दंग मचाने की शिकायतें पुलिस थाना और चौकी में आ रही हैं। रविवार देर रात को भी तलमेहड़ा नलवाडी, जोल, टकोली के मध्य कुछ युवकों द्वारा हुड़दंग मचाने के मामले सामने आए हैं।
स्थानीय लोगों में सुखदेव शर्मा उर्फ सुक्खू, तरसेम लाल, विजय कुमार, राकेश कुमार, सोमनाथ, सतीश कुमार, सुरेश कुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि हुड़दंगियों ने देर रात को सड़क किनारे नशे की हालत में शोर-शराबा किया है। क्षेत्र में परेशानी का माहौल बन रहा है। गांववासियों ने जिला प्रशासन से इन हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि हाल ही में चौकीमन्यार और जोल में पांच लोगों के खिलाफ रात को हुड़दंग मचाने पर कार्रवाई की गई है। उन्हें हवालात में रात गुजारनी पड़ी। उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि बंगाणा पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। दिन रात पुलिस टीमें गश्त कर रही हैं। हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।