हरोली में भाजपा कार्यकर्ता रमा कुमारी का जीत के बाद स्वागत करते हुए
- फोटो : Una
कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की सेंध, चार में से तीन सीटें जीतीं
हरोली (ऊना)। नेता प्रतिपक्ष के गृह विधानसभा और कांग्रेस के गढ़ हरोली में जिला परिषद चुनाव में भाजपा का दबदबा रहा है। यहां कांग्रेस के कैडर पर सेंधमारी करते हुए चार में से तीन सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। जबकि कांग्रेस समर्थित एक ही उम्मीदवार जीत पाई है। हरोली क्षेत्र की जिप वार्डों में नतीजों ने सभी को चौंका दिया है। जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र हरोली में चार जिला परिषद वार्ड हैं। इनमें पंडोगा वार्ड से भाजपा समर्थित ओंकार नाथ, हरोली से भाजपा समर्थित रमा देवी, ललड़ी से भाजपा समर्थित कमल सैणी ने जीत दर्ज की है। जबकि पालकवाह वार्ड से कांग्रेस समर्थित नरेश कुमारी चुनाव जीती हैं। हरोली विधानसभा क्षेत्र की एकमात्र नगर पंचायत टाहलीवाल में भी भाजपा का कब्जा है। ऐसे में जिला परिषद और नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस को हरोली में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री हैं। हरोली विधानसभा क्षेत्र से ही जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह भी संबंध रखते हैं, लेकिन कांग्रेस जिला परिषद चुनाव में हरोली विस क्षेत्र की तीनों सीटों पर कमाल नहीं कर पाई है। पंडोगा से कांग्रेस समर्थित अमित पाल गोगी जिला परिषद चुनाव के लिए मैदान पर उतरे थे। इनके सामने भाजपा समर्थित ओंकार नाथ ने जीत दर्ज की है। जबकि जिला परिषद सीट हरोली से भाजपा समर्थित रमा देवी और कांग्रेस समर्थित शशि रानी में सीधी टक्कर थी, लेकिन रमा देवी ने यहां जीत हासिल की। ललड़ी से भाजपा समर्थित कमल सैणी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित अनीता रानी को हराकर वार्ड में जीत दर्ज की। पालकवाह वार्ड से कांग्रेस समर्थित नरेश कुमारी ने भाजपा समर्थित राणो को हराकर जीत हासिल की। (संवाद)