रुद्रनंद आश्रम नारी में पंच भीष्म यज्ञ के दौरान हवन करते हुए ।स्रोत आयोजक
खिचड़ी, दही, मक्की की रोटी का प्रसाद विशेष रूप से बांटा गया
श्रद्धालुओं ने पवित्र धूने और सुग्रीवानंद का आशीर्वाद लिया
गायत्री महायज्ञ पूर्णाहुति के साथ हुआ संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। देशभर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में शुक्रवार को नौ दिवसीय पंचभीष्म धार्मिक अनुष्ठान एवं कोटी गायत्री महायज्ञ पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। डेरा के अधिष्ठाता सुग्रीवानंद के सानिध्य एवं उनके परम शिष्य हेमानंद की देखरेख में पूर्णाहुति के साथ यह अनुष्ठान विधिपूर्वक संपन्न किया गया। इस विशेष दिवस पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में हिस्सा लिया और भंडारे में प्रसाद भी ग्रहण किया। हेमानंद ने व्यवस्थाओं की बागडोर खुद संभाले रखी। वह लगातार सेवादारों से व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखाई दिए। कुटलैहड़ के विधायक विवेक विक्कू, पूर्व विधायक वीरेंद्र कंवर ने भी हाजिरी लगाई।शुक्रवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम अखंड धूने के समक्ष माथा टेका और सुग्रीवानंद से आशीर्वाद लिया। मंत्रोच्चारण के बीच सुग्रीवानंद और उनके शिष्य हेमानंद यज्ञशाला में पहुंचे और महायज्ञ में पूर्णाहुति डाली। यहां माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं की लाइनें लगी हुई थीं। अखंड धूने के समक्ष प्रणाम करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लंगर हाल की तरफ से लगाई गई थीं। आज यहां खिचड़ी, दही एवं मक्की की रोटी का प्रसाद भी विशेष रूप से बांटा गया। डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम नारी में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए। एलोपैथिक स्वास्थ्य कैंप में डॉ. शिवपाल कंवर, मोहन लाल व विपिन शर्मा ने सात नवंबर से लेकर समापन तक करीब 6000 श्रद्धालुओं की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां दीं।