संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्रिसमस डे की खरीदारी के लिए ऊना के बाजार सज गए हैं। लोग खरीदारी करने के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। बाजार में सेंटा ड्रेस की भारी मांग है। बच्चों समेत बड़ों की सेंटा ड्रेस की खूब खरीदारी हो रही है। बाजार में सजे क्रिसमस ट्री समेत अन्य चीजें हर किसी को आकर्षित कर रही हैं। इस बार क्रिसमस से जुड़े सामान में महंगाई की मार पड़ी है।
बाजार में इन दिनों लोग क्रिसमस ट्री, सीक्रेट गिफ्ट और सेंटा क्लॉज से जुडे हुए सामान की खरीदारी कर रहे है। बाजारों में क्रिसमस ट्री की बिक्री 100 रुपये से 2,000 रुपये तक हो रही है। तैयार क्रिसमस ट्री लेने पर 25 फीसदी दाम अलग से चुकाने पड़ रहे हैं। बाजार में सेेंटा की टोपियों की सबसे अधिक बिक्री हो रही है। बच्चों की खुशी के लिए पूरी ड्रेस न ले पाने वाले अभिभावक सेंटा कैप से ही काम चला रहे हैं। बच्चों की सेंटा ड्रेस साइज के मुताबिक 200 से लेकर 800 रुपये बिक रही है। गुणवता के अनुसार दाम अधिक भी हैं।
ऊना बाजार के थोक विक्रेता सूरज ने बताया कि क्रिसमस-डे की खरीदारी शुरू हो गई है। क्रिसमस में सजावट का सामान, क्रिसमस ट्री, सेंटा के गर्म कपड़ों, टोपियों आदि सामान में पिछले साल से इस बार 25 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। कहा कि इस बार दुकान में बच्चों की ड्रेस के साथ अभिभावकों की ड्रेस की भी खरीदारी हो रही है।
बच्चों को देंगे सीक्रेट गिफ्ट
जिलेभर में स्कूलों में भी क्रिसमस-डे मनाने की तैयारियां शुरू हो गई है। स्कूलों में अध्यापक अपने-अपने स्तर पर क्रिसमस-डे पर बच्चों के लिए बेहतरीन करने में जुटे है। स्कूलों में डांस, प्रतियोगिताएं, बच्चों को सेंटा बनाना, सीक्रेट गिफ्ट आदि की तैयारियां हो रही है। शैमरॉक स्टार शाइन स्कूल और अचीवर्स कैसल ग्लोबल स्कूल की प्रधानाचार्य मधु शर्मा ने बताया कि स्कूल में दो छुट्टियां होने पर शुक्रवार को क्रिसमस-डे मनाया जाएगा। स्कूल में बच्चे सेंटा बनेंगे और उनको सीक्रेट गिफ्ट भी दिए जाएंगे।