30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
अंब (ऊना)। धर्मशाला से चंडीगढ़ जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो बस में अंब चौक के पास अचानक धुआं निकलने से हलचल मच गई। आनन-फानन में बसे में सवार 30 लोगों को बस से नीचे उतारा गया। जब बस के पिछले हिस्से में देखा गया तो पाया कि बस में आग लगी हुई थी जिस कारण कोई बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस एचपी-63-7551 सुबह धर्मशाला से चंडीगढ़ के लिए निकली थी। दोपहर बाद जब बस अंब चौक के निकट पहुंची तो सवारियों को कुछ जलने की महक और धुआं महसूस हुआ। इससे बस को रोककर पिछली तरफ से बॉक्स खोलकर देखा गया तो पाया कि किसी तकनीकी कारण से बस के टर्मिनेट में आग लगी थी लेकिन आग के फैलने से पहले ही उस पर काबू पा लिया गया। इसके बाद यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। संवाद