ऊना की सड़को पर दिखी इलेक्ट्रिक बस ।संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना में दो दिन तक चला एचआरटीसी इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल शुक्रवार को सफलतापूर्वक पूरा हुआ। ट्रायल के दौरान बस को तीन रूटों ऊना–होशियारपुर, ऊना–सिंगा और ऊना–जोगी पंगा पर चलाया गया। बस ने कुल 178 किलोमीटर की दूरी तय की और इस दौरान 72 प्रतिशत बैटरी की खपत हुई। एचआरटीसी के डीडीएम ऊना ई.सुरेश धीमान ने बताया कि ट्रायल के दौरान किसी भी सवारी को बस में नहीं बैठाया गया। ट्रायल सफल होने के बाद जल्द ही ऊना में आम जनता के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। ऊना बस स्टैंड पर चार्जिंग स्टेशन का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा जिले के अन्य उपमंडलों में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एचआरटीसी और विद्युत बोर्ड ने कार्य शुरू कर दिया है।