आयकर विभाग की साइट पर वर्क लोड से हांफा सर्वर
सरकार के ढुलमुल रवैये के प्रति आयकरदाता नाराज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए आयकर रिटर्न भरने के लिए ऑनलाइन सुविधा पर फार्म उपलब्ध न होने से जिला टैक्सेशन बार एसोसिएशन ने केंद्र सरकार के ढुलमुल रवैये के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट एसडी वशिष्ठ ने कहा कि आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तिथि केंद्र सरकार की ओर से 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है, मगर मई माह समाप्त होने को है, अभी तक इनकम टैक्स विभाग की ओर से ऑनलाइन फार्म उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। इससे आयकर रिटर्न भरने और भरवाने वालों में आयकर विभाग के प्रति रोष है। अंतिम तिथि के नजदीक आने पर आयकर विभाग की साइट पर ज्यादा वर्कलोड होने की वजह से सर्वर डाउन हो जाता है और आयकर रिटर्न नहीं भर पाते। देरी से रिटर्न भरने के लिए जुर्माना भी भरना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इनकम टैक्स रिटर्न भरने के फार्म को जल्द से जल्द ऑनलाइन करवाने की मांग की है।