चिंतपूर्णी (ऊना)। थाना चिंतपूर्णी के अंतर्गत एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध हालात में मृत्यु होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चंबा जिले के चीमा गांव के निवासी शंकर दास के रूप में हुई है। शंकर दास वर्तमान में थाना चिंतपूर्णी में तैनात था। पुलिस के मुताबिक शंकर दास वीरवार मध्य रात्रि दो बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद भरवाईं स्थित अपने किराये के कमरे में सोने चला गया था। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों ने कमरे में जाकर देखा, जहां वह मृत अवस्था में पाया गया। तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही शंकर दास की मृत्यु के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। संवाद