अंब (ऊना)। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने अंब में 40 लाख से निर्मित हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा विभाग के कंपनी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने अंब के ही वार्ड-7 में करीब एक करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले नगर पंचायत के तहत बनने वाले पार्क की भी नींव रखी। पहले चरण में पार्क की चहारदीवारी और अन्य प्राथमिक कार्यों के लिए पंद्रह लाख की पहली किस्त जारी हो चुकी है। करीब छह कनाल में निर्मित होने वाले इस भव्य पार्क में वाकिंग पाथ, योग सेंटर, बच्चों के लिए खेलने की व्यवस्था और ओपन जिम सहित कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु वाला धीमान ने कहा कि अंब शहर के विकास के लिए नगर पंचायत के सभी पार्षद पूरी तन्मयता से कार्य कर रहे हैं। कहा कि सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ-साथ शहर की छह प्रमुख जगहों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। इसके अलावा शहर में और भी कई विकासात्मक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान इंदु धीमान ने विधायक से अंब की खड्ड के तटीकरण, सीवरेज प्रणाली और नगर पंचायत पार्क के लिए सहयोग देने की मांग की। इसपर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि अंब शहर के विकास के लिए वह पूरी तरह से नगर पंचायत के साथ हैं। कहा कि शहर की जनता को पीने के पानी कोई समस्या न रहे इसके लिए करीब 10.90 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण करवाया जाएगा। वहीं शहर में सीवरेज प्रणाली के लिए 29.16 करोड़ और मल्टीपर्पज कार पार्किंग की डीपीआर बनाकर सरकार को मंजूरी के लिए भेजी जा चुकी है। इस मौके पर एसडीएम अंब विवेक महाजन, डीएसपी डॉ. वसुधा सूद, तहसीलदार प्रेम धीमान, गृह रक्षा विभाग ऊना के कमांडेंट विकास सकलानी, नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष इंदु बाला, डाॅ. रविंद्र शर्मा, विकास कश्यप, राघव ठाकुर आदि मौजूद रहे।