ऊना। ऊना मुख्यालय के हाॅकी एस्ट्रोटर्फ के पास खिलाड़ियों के लिए ड्रेस चेंजिंग कक्ष की दरकार आज भी है। वर्षों से इस मांग को कोई भी सरकार पूरा नहीं कर पाई है।
परिणामस्वरूप खिलाड़ियों को 400 मीटर दूर या तो खेल विभाग के कार्यालय परिसर के पास जाकर किसी कक्ष में वर्दी बदलनी पड़ती है या फिर एस्ट्रोटर्फ के पास मौजूद पंप हाउस के कमरे में जाकर महिला वर्ग की खिलाड़ियों को मजबूरी में जाना पड़ता है। निसंदेह ऊना जिले में करोड़ों रुपये की लागत से एस्ट्रोटर्फ मैदान तो बनाया गया है, लेकिन इसके निर्माण के समय खिलाड़ियों को वॉशरूम एवं चेंजिंग रूम जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया। इसके बाद समय-समय पर आई सरकारें एवं विभागीय अधिकारी कागजों में प्रयास करते रहे, लेकिन धरातल पर यह फलीभूत न हो सके।
हालांकि बीते दिनों यहां शौचालय निर्माण को लेकर बजट राशि की मंजूरी मिली है, लेकिन चेंजिंग रूम के लिए पर्याप्त राशि की उपलब्धता न हो पाई है। इस असुविधा के बीच एस्ट्रोटर्फ के पास चेंजिंग रूम न होने पर जिला, राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं एवं ट्रायल के दौरान महिला खिलाड़ियों को वर्दी बदलने को लेकर दिक्कते सामने आ रही हैं। खिलाड़ियों सहित क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग ने खेल विभाग एवं प्रदेश सरकार से हाॅकी एस्ट्रोटर्फ के पास जल्द से जल्द चेंजिंग रूम देने की मांग की है।