लठियाणी (ऊना)। कुटलैहड़ के पूर्व विधायक एवं हाल ही में रहे भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री की शपथ लेने और केंद्र में पूर्ण बहुमत से एनडीए की सरकार बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दस साल के कार्यकाल में मोदी सरकार का हिमाचल पर विशेष आशीर्वाद रहा है, उसी प्रकार अब आगे पांच साल के कार्यकाल में मोदी सरकार से हिमाचल के विकास को और तीव्रता प्रदान होगी। भुट्टो ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को भारत सरकार में मंत्री बनाने पर केंद्र सरकार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जब 2014 में मोदी सरकार में जगत प्रकाश नड्डा स्वास्थ्य मंत्री बने थे तो हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के बिलासपुर में एम्स के लिए 500 करोड़ सहित पीजीआई सेटेलाइट अस्पताल ऊना के लिए अन्य योजनाओं को स्वीकृत करके जनता को सुविधाएं प्रदान की थीं। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में केंद्र सरकार के सहयोग से 900 करोड़ लठियाणी-मंदली पुल के निर्माण के लिए जो स्वीकृत हुआ है उससे कुटलैहड़ के साथ पूरे हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और हमीरपुर लोकसभा से अनुराग सिंह ठाकुर पांचवीं बार सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भारत सरकार में मंत्री बनकर हिमाचल के साथ-साथ कुटलैहड़ विस क्षेत्र में विकास को गति प्रदान करेंगे।