दिल्ली स्टेशन से तकनीकी खामी से एक घंटा देरी से चली
दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 12:10 बजे चली ट्रेन
यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। दिल्ली से प्रतिदिन ऊना आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को निर्धारित समय से ऊना में सवा घंटे से ज्यादा देरी से पहुंची है। ट्रेन के देरी से चलने का कारण तकनीकी खामी बताया जा रहा है। दिल्ली से देरी से चली ट्रेन ऊना में भी एक घंटा 22 मिनट लेट पहुंची। इससे यात्रियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेलवे की ओर से जारी समयसारिणी के अनुसार दिल्ली रेलवे स्टेशन से हिमाचल एक्सप्रेस 10:50 बजे चलती है लेकिन मंगलवार रात को ट्रेन वहां से अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 24 मिनट लेट चली। ट्रेन में बैठे-बैठे यात्रियों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ी। जबकि, ऊना में आते-आते ट्रेन बुधवार सुबह 6:40 बजे न पहुंच कर 07:58 बजे आई। करीब पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे अंब अंदौरा और दौलतपुर चौक स्टेशन तक रवाना हुई। इस बीच स्टेशन तक आने वाले यात्रियों को संबंधित गांवों तक जाने के लिए देरी हुई। दिल्ली से ऊना आ रहे अपने रिश्तेदारों का इंतजार कर रहे वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को हिमाचल एक्सप्रेस के आने से पांच मिनट पहले ऊना स्टेशन 6:40 बजे जाना था। इतने में ट्रेन में आ रहे रिश्तेदारों का फोन आ गया कि ट्रेन ऊना में भी देरी से पहुंचेगी। उन्होंने आठ बजे के करीब जाकर उन्हें रिसीव किया।