टाहलीवाल (ऊना)। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं प्रयास संस्था के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम की ओर से धर्मपुर के आंगनबाड़ी केंद्र में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। ग्रामीणों को घर द्वार पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 85 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 45 लोगों के निशुल्क रक्त परीक्षण, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड और कैल्शियम आदि के टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य जांच करने वाली टीम में डॉ. प्रदीप, मुनीश, निहाल सिंह और रूचि शामिल रहे, जिन्होंने समर्पित भाव से सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के संचालन में आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का भी उल्लेखनीय योगदान सहयोग रहा। उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सका।