राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड में उच्च कीर्तिमान किए स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के उपमंडल गगरेट में बतौर अतिरिक्त सहायक अभियंता तैनात हरविंदर सिंह राणा बोर्ड में लंबी सेवाएं देने के बाद शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। हरविंदर राणा ने राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड में नियमित रूप से तैंतीस साल सेवाएं देने के साथ करीब चालीस साल तक सेवाएं दीं। उनकी सेवानिवृत्ति पर विद्युत बोर्ड लिमिटेड के स्टाफ ने उन्हें विदाई देते हुए कहा कि नियमित सेवा के दौरान अपनी कर्मठता के साथ जो कीर्तिमान हरविंदर सिंह राणा ने स्थापित किए गए हैं उन्हें याद रखा जाएगा। अतिरिक्त सहायक अभियंता हरविंदर राणा राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड में एक दैनिक वेतनभोगी के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कई दौर देखे लेकिन अपनी कर्मठता के साथ वह अतिरिक्त सहायक अभियंता के पद तक पहुंचने में कामयाब रहे। अपने काम के प्रति उनकी इतनी समर्पण भावना थी कि उन्होंने छुट्टी के दिन भी अपने कार्य को कभी नहीं टाला। राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के गगरेट मंडल के अधिशासी अभियंता खुशविंदर सिंह ने कहा कि उन्हें हरविंदर सिंह राणा के साथ काम करने का बेहद कम समय मिला लेकिन हरविंदर सिंह राणा जैसे कर्मठ लोग ही राज्य विद्युत बोर्ड के नायाब हीरे हैं।