थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत पंसाई के युवा हर्ष कुमार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आयोजित वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला। यह कार्यक्रम रविवार को जिला उपायुक्त कार्यालय ऊना में आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हर्ष कुमार ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। बुधान निवासी हर्ष कुमार वर्तमान में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी में इंटर्नशिप कर रहे हैं। उन्होंने इस अवसर को अपने जिले और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के साथ इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। क्षेत्र के लोगों ने हर्ष कुमार की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संवाद