हरोली मेले में प्रस्तुतित देते जस्सी गिल।
- फोटो : अमर उजाला
हरोली उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पर पंजाब के प्रसिद्ध गायक जस्सी गिल और बबल राय ने अपने गीतों पर दर्शकों को खूब नचाया। वहीं स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी खूब समां बांधा। इससे पहले सांस्कृतिक संध्या में मुख्यतिथि के रूप उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दीप प्रज्जविलत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उसके बाद सुप्रसिद्ध गायक जस्सी गिल व बबल राय के मंच संभालते ही पंजाबी गानों पर ऐसी धमाल मची कि हर कोई थिरकने पर मजबूर हो गया। जस्सी गिल ने अपने मशहूर गीत जेड़ा बंब सुट मार दूंगा बल्लिएं, तेरा बापू है लादेन ता नी, साडा बापू जिमींदार कैथो लेके देवे कार, पता करो केड़े पिंड दी, जट्ट दे ठिकाणे बल्लिए रब भी न जाणे बल्लिए, भाभी तेरी भैण मिस कालां मारदी सहित अन्य गीतों पर जमकर धमाल मचाई। जस्सी गिल व बबल राय की जोड़ी को सुनने को हरोली सहित जिला के अन्य क्षेत्रों से भारी संख्या में दर्शक कांगड़ मैदान में पहुंचे। इससे पहले हिमाचली एवं स्थानीय कलाकारों ने भी खूब धमाल मचाई। इस दौरान लॉ कालेज की छात्राओं ने गिद्दा पेश किया। वहीं कुठारबीत स्कूल के विद्यार्थियों ने भंगड़ा प्रस्तुत किया। शिशु मॉडल स्कूल ललड़ी की नन्ही छात्रा दृष्टि ने हरोली उत्सव में अपनी सुरीली आवाज से जब गीत गाकर समां बांधा दिया, तो उद्योगमंत्री ने उसे गोद में उठा लिया।